– जीआईसी सभागार में विभिन्न वक्ताओं ने सामाजिक सद्भाव और एकता पर रखे विचार
उरई (जालौन)। जिला एकीकरण समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) उरई के सभागार में कौमी एकता दिवस के तहत अल्पसंख्यक कल्याण दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर काजी शकील बेग रहमानी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि अनुराग मैसी मौजूद रहे। अध्यक्षता आज्ञा सिंह बत्रा ने की। कार्यक्रम का आयोजन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार के संयोजन में किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। शहर काजी शकील बेग रहमानी ने कहा कि कौमी एकता दिवस आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ रहने का संदेश देता है। देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। लक्ष्मण दास बबानी ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी विश्वास और एकता में निहित है। सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए देश की तरक्की में योगदान देना चाहिए।
युद्धवीर सिंह कंथरिया ने कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए और चुनाव के दौरान बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भेदभाव के निष्पक्ष मतदान करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता स्वर्णकार ने किया। अंत में राष्ट्रगान के बाद सामाजिक कार्यकर्ता अलीम सर ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शांतिस्वरूप महेश्वरी, महेंद्र भाटिया, डॉ. नरेश वर्मा, संतोष प्रजापति दद्दा, मिथलेश नायक, कुलदीप गुप्ता, एडवोकेट नासिर उद्दीन खान, यूसुफ अंसारी अलमारी, डॉ. मकबूल अहमद सिद्दीकी, हाफिज शेख मोहम्मद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







Leave a Reply