चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके, अब पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी; चोरी के मुकदमे में नामजद आरोपी के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं तीन मुकदमे

उरई (जालौन)। रामपुरा थाना क्षेत्र में दो घरों से जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस मामले में चार अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को वादी कृष्ण यादव ने थाना रामपुरा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर और गांव के ही रामवीर पाल के घर से जेवरात तथा पांच से दस हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना रामपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 87/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत के पर्यवेक्षण और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा पुलिस ने वांछित आरोपी अंकित दौहिलिया उर्फ गौतम पण्डित (24) निवासी मोहल्ला राजेन्द्र नगर, कस्बा व थाना रामपुरा को गिरफ्तार किया।

तीन अंगूठियां, चेन और नकदी बरामद

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीली धातु की तीन अंगूठियां और एक चेन, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल तथा दो सिक्के बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 2,200 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल और मोटरसाइकिल संख्या यूपी 92 क्यू 2248 भी बरामद की गई है। मोटरसाइकिल को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।

आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं तीन मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना रामपुरा में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018 का मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मामला, वर्ष 2024 का पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट से संबंधित मामला तथा वर्तमान चोरी का मुकदमा शामिल है।

इस कार्रवाई को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में रामपुरा थानाध्यक्ष कृष्ण पाल सरोज और उनकी पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply