
उरई । रामपुरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में रविवार को सुबह पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला । सनसनीखेज वारदात की खबर मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया । पति फरार है । पुलिस ने फिलहाल चौकीदार की ओर से सूचना दर्ज कर ली है । अभी कोई मुक़दमा नहीं लिखा गया है ।
रामपुरा थाना क्षेत्र के जगम्मनपुर में अरुण कुमार शुक्ला उर्फ बबलू (45वर्ष) ने आज सुबह लगभग 10 बजे पत्नी ज्योति (30वर्ष) से बहस के दौरान आग बबूला हो कर उस पर कुल्हाड़ी चला दी जिससे गर्दन कट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई । घटना के बाद बबलू को जब लगा कि उसके हाथ से बहुत बड़ा कांड हो गया है तो उसके होश उड़ गए और वह भाग निकला । जब उसका 9 वर्ष का बेटा आयुष उर्फ शिवा रोता हुआ बाहर निकला तब घटना उजागर हुई । रामपुरा के प्रभारी निरीक्षक के बाद माधौगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने भी मौका मुआयना किया है । मृतका का मायका हैदरगढ़ बाराबंकी में है जहां उसके परिजनों को सूचना भेज दी गई है । मुक़दमा लिखने के लिए पुलिस उसके परिजनों का इंतज़ार कर रही है ।
आरोपित की थी दूसरी पत्नी
ज्योति बबलू की दूसरी पत्नी थी जिससे उसने कोर्ट मैरिज की थी । पहली पत्नी से उसका तलाक का मुक़दमा चल रहा है । बबलू आवारा किस्म का बताया जा रहा है जिसके पास जीविका के साधन के नाम पर केवल 4 बीघा खेती है । इसके अलावा वह कुछ करता नहीं है । खर्चे की मांग के लिए वह पत्नी से रोज कलह करता था । ज्योति ने इसे देखते हुए ग्वालियर से जीएनएम का कोर्स कर लिया था । एक दिन पहले ही दोनों ग्वालियर से लौटे थे ।







Leave a comment