
कालपी। गुरुवार दोपहर कालपी उपजिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सहित भारी संख्या में पुलिस बल के साथ फातिमा माता स्कूल के पास स्थित कबूतरा डेरा पर छापा मारा। वहां से करीब तीन सौ लीटर से अधिक देशी कच्ची शराब व आठ हजार लीटर लहन व भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ शराब बनाने के उपकरण तथा तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस कारोबार में लगे दो युवकों तथा तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया है।
वैसे तो नगर सीमा अंतर्गत मौजा लंगरपुर फातिमा माता स्कूल के पास स्थित कबूतर डेरा पर पुलिस की कार्रवाई नई नहीं है बल्कि दर्जनों बार वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हो चुकी है लेकिन अभी तक अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश नहीं लग सका जबकि होली के पहले भी प्रशासन ने इस डेरे पर बड़ी कार्रवाई की थी जिसमें दर्जनों ड्रम शराब के साथ भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए थे। इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने दावा किया था कि अब क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार शीघ्र शुरू नहीं हो सकेगा लेकिन लाक डाउन के दौरान प्रशासन द्वारा की गई शराब बंदी के बाद सूचना मिल रही थी कि कबूतरा डेरा पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और प्रशासन ने गुरुवार दोपहर उपजिलाधिकारी कौशल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय तथा कोतवाली प्रभारी मानिक चंद पटेल की अगुवाई में भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की तो वहां का नजारा देख प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़ गए। सूत्रों की मानें पुलिस को वहां पर करीब डेढ़ दर्जन ड्रमों में करीब आठ हजार लीटर लहन के अलावा करीब तीन सौ लीटर से अधिक कच्ची शराब व तीन भट्टी व तीन मोटरसाइकिल के अलावा भारी मात्रा में अवैध शराब तथा शराब बनाने के उपकरण मिले। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद अवैध शराब के कारखाने को नष्ट कर भागने की कोशिश कर रहे दो पुरुष तथा तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर हरीशंकर अवस्थी, उपनिरीक्षक सुनील सैनी, अशोक कुमार, नरेंद्र तोमर, सत्यभान सिंह, जितेंद्र परिहार, रणविजय, राववीरेंद्र, विनीत मिश्रा, विकास यादव, अनुज यादव, नवल किशोर, वीपी सिंह, नेहा, सीता, संध्या के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।







Leave a comment