उरई। माधौगढ़ तहसील के अमखेड़ा गांव की पंचायत राष्ट्रीय स्तर पर लगातार जिले का गौरव बढ़ा रही है। इस वर्ष निरंतर दूसरी बार अमखेड़ा पंचायत को बेहतरीन परफॉरमेंस के लिए राष्ट्रीय अवार्ड हेतु चयनित किया गया है। गांव के प्रधान रामशरण दुहौलिया को बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
रामशरण दुहौलिया ने प्रधान निर्वाचित होने के बाद पहले दिन से ही बेहतर और व्यवस्थित कार्य कराने की ठान ली थी। इसकी बदौलत अमखेड़ा ग्राम पंचायत जिले और प्रदेश के लिए ही नही पूरे देश के लिए आदर्श बन गई। इस पर दुहौलिया को नाज है। सारे जिले का मान-सम्मान उन्होंने जिस तरह बढ़ाया है उससे यह पंचायत पूरे जिले का गौरव बन गई है।
रामशरण दुहौलिया को और भी पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें गत वर्ष भी दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार मिला था। इसके पहले मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से भी वे नवाजे जा चुके हैं। दूसरी बार राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त होने पर अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों और जिले के आम लोगों ने भूरि-भूरि सराहना करते हुए उन्हें बधाइयां दी हैं।






Leave a comment