जालौन। नगर में बाजार खुलने के निर्धारित समय के बाद भी दुकानें खुल रही हैं। इसके अलावा कुछ दुकानदार विपरीत दिशा की भी दुकानें खोल लेते हैं जिससे अन्य दुकानदार मायूस नजर आ रहे हैं। नियमों का पालन करने वाले दुकानदारों ने डीएम से नियम के अनुसार ही बाजार खुलवाने की मांग की है।
कोरोना महामारी के बीच लोगों की समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने शर्तों के साथ दुकानें खोलने के निर्देश दुकानदारों को दिए थे। अभी तक जालौन नगर में कोरोना पाजीटिव केस न मिलने के चलते लाक डाउन की अवधि के बाद से बाजार लगातार खुल रहा है। अभी तक जालौन नगर के लोगों के साथ ही पुलिस व प्रशासन की सूझबूझ के चलते नगर कोरोना मुक्त रहा है। जालौन नगर व क्षेत्र से लिए गए सैंपुल निगेटिव आने के बाद पुलिस व प्रशासन ने कुछ राहत महसूस की है। यही कारण है कि अब दुकानदारों में बीमारी का भय तो है ही नहीं साथ ही पुलिस व प्रशासन का भी भय नजर नहीं आता है। नगर में प्रशासन ने दुकानें खुलने व बंद होने का समय सुबह नौ से सायं पांच बजे तक रखा है लेकिन इस समय पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के बाजार न आने के चलते कुछ दुकानदार समय पूर्व दुकानें खोल लेते हैं और देर शाम तक दुकानें खोलकर बैठे रहते हैं। इसके अलावा दाएं व बाएं के नियम का पालन भी कुछ दुकानदार नहीं कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क न पहने हुए ग्राहकों सामान न देने की बात तो छोड़ ही दें जिसके चलते नियमों का पालन करने वाले दुकानदार मायूस हैं। दुकानदार अखिलेश, रामलाल, पूरन चंद्र, अभिनव आदि ने डीएम से मांग की है कि नियम सभी के लिए बराबर होने चाहिए यदि कोई दुकानदार नियमों का पालन नहीं कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए अन्यथा सभी दुकानदारों को अपने हिसाब से दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए।


आधा दर्जन दुकानदारों के खिलाफ लाक डाउन उल्लंघन का मामला दर्ज
कोरोना महामारी के चलते प्रशासन ने शर्तों के साथ बाजार खोलने की अनुमति दी है लेकिन इसके बावजूद दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चौकी पर तैनात एसआई देशराज सिंह ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाजार में बाजार में तीन दुकानदार अपनी दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए नहीं मिले। दुकान पर भीड़भाड़ के साथ ही सेनेटाइजिर का उपयोग होता हुआ नहीं मिला। साथ ही कुछ लोग मास्क लगाए हुए भी नहीं मिले। इसके अलावा तीन दुकानें विपरीत दिशा की भी खुली हुई मिली। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कोतवाली में लाक डाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया।

Leave a comment