एट। हाइवे पर अपने साथी को बिठाकर ला रहे युवक की बाइक का संतुलन बिगडऩे की वजह से डिवाइडर से टकराकर घायल हो गए। हेलमेट न लगाने की वजह से सिर में गहरी चोट आई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एट थाना क्षेत्र के कानपुर झांसी हाइवे पर बने शहीद सिंहरण महाविद्यालय के सामने महाराणा प्रताप (24 वर्ष) पुत्र प्रमोद कुमार निवासी कनेछा थाना पूंछ जिला झांसी शाम के समय एट टोल प्लाजा पर नौकरी करने आ रहा था। उसके साथ दिनेश बाल्मीकि (45 वर्ष) पुत्र रतीराम निवासी बिरगुवां खुर्द थाना एट भी अपने गांव आने के लिए बाइक पर सवार होकर आ रहा था। जैसे ही वह हाइवे पर बने महाविद्यालय के सामने पहुंचे तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। रफ्तार तेज होने की वजह से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे दोनों युवक सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। सिर में हेलमेट न लगाने की वजह से उन्हें गहरी चोट आई। हादसा होते ही हाइवे पर चीखपुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों युवकों को हाइवे की एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर दिनेश बाल्मीकि ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे साथी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। खबर पाकर मौके पर पहुंचे पिरौना चौकी प्रभारी शीलवंत सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर लगते ही मृतक के घर में मातम छा गया।





Leave a comment