जालौन। औरैया रोड पर सरावन मोड़ के पास ओवरटेक के दौरान आगे जा रहे ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। हादसे में ओवरटेक कर रहे ट्रक के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फर्रुखाबाद से ईंटा लादकर दो ट्रक औरैया व जालौन होकर झांसी जा रहे थे। शनिवार की सुबह करीब चार बजे आगे पीछे चल रहे दोनों ट्रकों में से पीछे चल रहे ट्रक के चालक झांसी के थाना टहरौली क्षेत्र के परसा निवासी बब्बा (45 वर्ष) ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक चालक अपना संतुलन खो बैठा और उसने अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक बब्बा की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब लोग टहलने के लिए निकले तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस चालक के शव को ट्रक से बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने हादसे के संबंध में परिजनों को भी सूचना दे दी है।

Leave a comment