कदौरा। क्षेत्र ग्रामीणांचल में राखी पर्व पर खुशहाल परिवार में युवती की अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृत युवती ने अपने भाई को खुशी खुशी राखी बांधी थी लेकिन बाद में हुई उसकी मौत से भाई का बुरा हाल है।
थाना कदौरा क्षेत्र के ग्राम सोंधी में रक्षाबंधन के दिन सोमवार की रात आरती (20 वर्ष) पुत्री राजेंद्र की अचानक तबियत बिगड़ जाने के कारण वह अचेत हो गई। सूत्रों के मुताबिक गांव के डाक्टर द्वारा युवती का उपचार किया गया जिससे युवती की हालत और भी गंभीर हो गई जिसे रात में अस्पताल कदौरा लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। इसके पहले आरती ने हंसी खुशी से रक्षाबंधन का पर्व मनाया व अपने भाई रज्जू को राखी भी बांधी और देर रात उसने दुनिया को अलविदा कह दिया। घटना से आहत भाई बहन की यादें कलाई में देखकर बिलखता रहा। उसने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उसकी बहन उसे आखिरी बार राखी बांध रही है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

Leave a comment