मॉर्निंग वाक के लिए निकले वृद्ध का शव पक्के तालाब में मिला

जालौन-उरई । सुबह टहलने के लिए घर से निकले वृद्ध का शव मुरली मनोहर स्थित पक्के तालाब में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध के शव को स्थानीय लोगों की मदद से तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। 

नगर में मुरली मनोहर स्थित पक्के तालाब पर सुबह लोग घूमने के लिए जाते हैं। सुबह करीब 8 बजे जब लोग तालाब पर टहल रहे थे तभी उन्हें तालाब में एक वृद्ध व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई पड़ा। तालाब में शव के पड़े होने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अतुल राजपूत मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। कुछ देर तक तो कोई शव को पहचान नहीं पाया। बाद में मृतक के इकलौते बेटे सुनील निवासी मोहल्ला चौधरयाना ने शव की पहचान उसके पिता जगत नारायण (75) के रूप में की। मृतक के पुत्र ने बताया कि पिता सुबह करीब 6 बजे घर से निकले थे। जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। वहीं, वृद्ध की मौत की खबर सुनकर घर में मातम छा गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उक्त संदर्भ में कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment