उरई। गुरूवार को एक नाटकीय घटना क्रम में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधान परिषद की शिक्षक सीट से पर्चा दाखिल करने वाले उत्तर प्रदेश वित्त विहीन शिक्षक महासभा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार राठौर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह चैहान के सामने उनकी पार्टी में शामिल हो गये।
अशोक कुमार राठौर एक बार इस सीट पर जोर आजमाइश कर चुके हैं। तब उनके दमखम से पार्टियों के उम्मींदवारों की चूलें हिल गयी थी । इस बार उनकी फिर जोरदार तैयारी थी जिससे सत्तारूढ पार्टी का खेमा बुरी तरह विचलित था । पहले उन्हें नामांकन से रोकने की कोशिश की गयी जिसमें सफलता न मिलने पर उनका नाम वापस कराने के लिये कहा जाता है कि पुलिस तक का सहारा लिया गया । इसके कारण अशोक कुमार राठौर भूमिगत हो गये थे।
इस बीच उनसे भाजपा को पर्दे के पीछे संपर्क कायम करने में सफलता मिल गयी जिसमें तमाम सौदेबाजी के बाद उन्हें भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल तिवारी का समर्थन करने के लिये मना लिया गया।
अशोक कुमार राठौर ने आज बताया कि उनकी अधिकांश मांगे भाजपा ने मान ली हैं जिसकी वजह से उन्होने भाजपा में शामिल होने का फेसला लिया। उन्होंने इस निर्णय को पूरी तरह स्वैच्छिक साबित किया । इसके बाद माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट और भाजपा के बीच विधान परिषद के इस चुनाव में कांटे की टक्कर तय हो गयी है। अभी इस सीट पर शर्मा गुट का कब्जा है।






Leave a comment