उरई। विवादों में घिरे एआरटीओ कार्यालय का डीएम ने गुरूवार को स्वयं निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होने कर एवं पंजीयन कक्ष , रिकार्ड रूम, लाईसेंस कक्ष सहित विभिन्न पटलों का अवलोकन करके आवश्यक निर्देश दिये उन्होने कहा कि हर कक्ष के बाहर उसमें होने वाले कार्यो को चस्पा करने की व्यवस्था की जाये ताकि आम आगन्तुकों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पडे। उन्होने ड्राइविंग लायसेंस के लिये आये आवेदकों का अपने सामने परीक्षण कराया।
उन्होने निर्देशित किया कि परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था दुरूस्त रखी जाये और बगैर कार्य के बाहरी व्यक्तियों के परिसर के अंदर विचरण को पूरी तरह रोका जाये। पारदर्शिता के लिये कार्यालय व उसका बाहरी परिसर पूरी तरह सीसी टीवी कैमरे की नजर में रहे । उन्होंने कहा कि किस कार्य के लिये कौन कौन से दस्तावेजों की जरूरत है और कितना निर्धारित शुल्क है इसकी जानकारी फ्लेक्सी बनवाकर कार्यालय के बाहर चस्पा करके प्रदर्शित करें ताकि कोई कार्य कराने वालों से अनुचित वसूली न कर सकें। उन्होने कार्यो का रजिस्टर में अंकन सुनिश्चित करने को भी कहा ।
इस अवसर पर एआरटीओ प्रशासन सौरभ कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम उमेश कुमार , एआरटीओ प्रवर्तन विनय पाण्डेय मौजूद रहे। गौर तलब है कि एआरटीओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बाद एआरटीओ कार्यालय में आॅन लाइन व्यवस्था को धता बताकर हर काम में सुविधा शुल्क की वसूली के किस्से सामने आये थे जिससे प्रशासन की छवि भी प्रभावित हुयी थी हालांकि डीएम के आज के इस निरीक्षण में ऐसा कोई मामला पकड में नहीं आया ।







Leave a comment