उरई। विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है जिसके कारण मुकाबला बेहद रोमांचक होता जा रहा है।
इस क्रम में आज भाजपा ने ट्रंप कार्ड के रूप में वित्त विहीन माध्यमिक शिक्षक संघ के हैवीवेट नेता अशोक राठौर को दृढोमर धर्मशाला में मीडिया वार्ता बुलाकर अपने समर्थन में पेश किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी भी उपस्थित रहे ।
वार्ता में अशोक राठौर ने कहा कि वे बिना किसी दबाव व प्रभाव के भाजपा में शामिल हुये हैं क्योंकि उन्हें भाजपा नेतृत्व की ओर से उनकी मांगे पूरी करने का ठोस आश्वासन मिला है। उन्होने अपने सभी समर्थकों से पूरी ईमानदारी के साथ बाबूलाल तिवारी का समर्थन करने और चुनाव के दिन उनके पक्ष में मतदान की अपील की ।
बाबूलाल तिवारी ने भी इस अवसर पर अशोक राठौर को आश्वस्त किया कि वे हर कदम पर उनका साथ देगें और उनके मान सम्मान में किसी तरह की कमी नहीं आने देगें। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं की एक बैठक भी हुयी जिसका संचालन विनोद अहिरवार ने किया ।







Leave a comment