जालौन-उरई । अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर बुंदेलखंड एडवोकेट बार एसोसिएशन एवं नवीन बार एशोसिएशन के तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की है।
बुंदेलखंड एडवोकेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितवार सिंह राठौड़ एवं नवीन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश सिंह सयेंगर के नेतृत्व में अधिवक्ता अमित कुमार, सतीशचंद्र द्विवेदी, उमेशचंद्र दीक्षित, उमर सिद्दीकी, पुष्पेंद्र सिंह यादव, प्रमोद कुमार पाल, दीपेश सिंह सेंगर, अनिल कुमार तिवारी, श्रीगोविंद चतुर्वेदी, मानवेंद्र सिंह, विनय दीक्षित, आदेश द्विवेदी, लोकेंद्र सेंगर, प्रदीप कुमार आदि ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सना अख्तर को सौंपकर बताया कि अभी अधिवक्ताओं को सरकार की ओर चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अधिवक्ताओं का 5 लाख रुपये तक का चिकित्सा बीमा कराया जाए अथवा उन्हें आयुष्मान योजना का दिलाकर योजना से जोड़ा जाए। उप्र अधिवक्ता कल्याण निधि न्यासी समिति लखनऊ में अधिवक्ताओं के लंबित दावों का जल्द भुगतान कराया जाए। जिले एवं तहसील में अधिवक्ताओं के लिए चेंबरों का निर्माण कराया जाए ताकि अधिवक्तागण चेंबर में बैठकर अपने क्रिया कलाप संपन्न कर सकें। अधिवक्ताओं एवं पत्रकारों की मृत्यु पर एक समान धनराशि दी जाए। 60 वर्ष से अधिक अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना लागू की जाए और उन्हें पेंशन योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्टशन एक्ट लागू किया जाए ताकि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








Leave a comment