नये एसपी की पहली क्राइम मीटिंग में साहब की पैनी निगहबानी से सिहरे थाना प्रभारी


उरई। नवागंतुक पुलिस अधीक्षक इरज राजा की पहली अपराध समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों का पसीना उनके तेवरों से छूट गया । पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अपराधियों का मनोबल तोडने के लिये उन्हें हर माह दुर्दान्त अपराधियों के इनकांउटर का सिलसिला चाहिये। दिल के कच्चे निरीक्षक/उप निरीक्षक थाना प्रभारी नहीं रहने दिये जायेगें। उन्होने थाना वार प्रत्येक वारदात के बारे में पूंछतांछ की । खासतौर से अनसुलझी चोरियों व अन्य वारदातों को अविलम्ब वर्कआउट करने, वर्कआउट वारदातों के सभी अभियुक्तों को जेल के सींखचों के भीतर करने और सटीक आरोप पत्र तैयार करने पर जोर दिया ताकि अदालतों में अपराधियों को सजा का प्रतिशत बढ सके।
     पुलिस अधीक्षक के पहले ही प्रदर्शन से थाना प्रभारियों ने भांप लिया कि अपराध नियंत्रण के हर बिन्दु पर उन्हें नये साहब के स्तर से कडी निगहबानी से दो चार होना पडेगा। जिससे वे अपनी कार्य प्रणाली में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिये वाध्य हो गये हैं। अपराध समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी, सभी सर्किलों के उपाधीक्षक भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने इसके साथ ही सैनिक सम्मेलन भी किया जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया व उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये गये। 

Leave a comment