
उरई।
यातायात अभियान में ट्रैफिक पुलिस का शिकन्जा मनमानी करने वाले ई रिक्शा चालकों पर लगातार कस रहा है। पहले पुलिस एक ही दिन में हाइवे पर दौडने वाले दर्जनों ई-रिक्शों से भारी भरकम जुर्माना वसूल कर चुकी है। यह दूसरी बात है कि इसके बावजूद कुछ दिन ठीक ठाक बने रहने के बाद अब ई-रिक्शा चालक पुलिस का ध्यान हटने का आभास कर के फिर से हाइवे और मुख्य मार्गो पर चलने लगे है। शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने उन ई-रिक्शा वालों की खबर ली जो अपनी गाडी का मालवाहक वाहन की तरह इस्तेमाल करने पर उतारू है। खास तौर से सरिया लादकर भीड भाड के बीच गुजर के ऐसे ई-रिक्शे वाले अपने साथ-साथ आम लोगों को भी मौत के मुहं में धकेलने का काम कर रहे है। यातायात पुलिस ने ऐसे ई-रिक्शों को रोककर चालान के लिए उनकी फोटो खींच ली। इस दौरान कई ई-रिक्शा वालों की घिग्घी बन्धी नजर आयी। लेकिन यातायात पुलिस कर्मी पसीजने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते। कई बार इन्हें मौखिक तौर पर रोका जा चुका है। लेकिन यह बाज नहीं आते।
इसके अलावा पुलिस ने वाहनों के रूटीन के भी जमकर चालान किये। आज शाम खबर लिखे जाने तक पुलिस ने 140 वाहनों पर चालान किये जाने की जानकारी दी है।







Leave a comment