उरई।
विकास भवन सभागार में ईदुलजुहा और श्रावण मास के त्योहारों को लेकर सभ्रांत नागरिकों के साथ प्रशासन ने शांति समिति की बैठक की जिसमें प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी को लेकर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गयी। जिलाधिकारी चांदनी सिंह और पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बैठक की संयुक्त रूप से अध्यक्षता की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक के रूप में आप सभी त्योहार मनाते हुये एक दूसरे की भावनाओं का ध्यान रखें। खुले स्थान पर कुर्बानी न करें और कुर्बानी से निकले अपशिष्टों को इधर उधर न फेंक कर एक ही स्थान पर एकत्रित कर दें ताकि उसका यथोचित निस्तारण हो सके। यह भी ध्यान रखा जाये कि सार्वजनिक सड़कों पर नमाज या अन्य किसी भी कार्य नहीं होने चाहिये। उन्होंने विभागों को निर्देशित करते हुये कहा कि विद्युत विभाग त्योहारों पर आपूर्ति सुचारू रखे। नगर निकाय साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें अन्यथा लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। एसडीएम और सीओ अपने अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिये भ्रमण करते रहें। सभी क्षेत्राधिकारी व थाना और चैकी प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में सभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी के सदस्यों से समनवय स्थापित करते हुये शांति व्यवस्था सुनिश्चित रखें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पूनम निगम, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, विशाल यादव, अपर पुलिस अधीक्षक असीम चैधरी, सभी उप जिलाधिकारी व सभी सीओ उपस्थित रहे।







Leave a comment