उरई क्लब के आलीशान सुंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन, 1 वर्ष में 12 करोड़ की लागत से कार्य होगा पूरा



उरई।
उरई क्लब को भव्य स्वरूप देकर नये सिरे से तैयार करने का जिम्मा नई दिल्ली के अजय विजन आईएएस एजूकेशन को सौंपा गया है। जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने गुरूवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डां घनश्याम अनुरागी व सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा की उपस्थिति में इसका भूमि पूजन किया।
गौरतलब है कि 107 वर्ष पहले 28 नवम्बर 1916 को नगर के हृदय स्थल अम्बेडकर चैराहे के पास उरई क्लब की स्थापना की गयी थी जो कई वर्षों से वर्तमान में ठप्प पड़ा था। इसको आलीशान ढंग से सुसज्जित कर संचालित करने के लिये जिला प्रशासन में अजय विजन आईएएस के साथ पिछले दिनों अनुबंध किया था। अजय विजन द्वारा इस पर 12 करोड़ रूपये खर्च करके यहां अमोद प्रमोद की सभी व्यवस्थायें पूर्ण करायी जायेंगी हालांकि इसकी मूल संरचना में कोई परिवर्तन नहीं होगा। सुंदरीकरण प्रोजेक्ट के तहत इसमें जिम्नेजियम, टेबिल टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, डिजिटल लाइब्रेरी, उच्च स्तरीय रेस्टोरेंट, ब्रांन्डेड फूड कोर्ट, गेस्ट हाउस, लग्जरी सूट, पार्किंग एरिया तथा सम्पूर्ण आधुनिक सुविधाओं से युक्त आॅडीटोरियम बनाया जायेगा। साथ ही छात्र छात्राओं को यहां निशुल्क लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी। स्किल ट्रेनिंग सेंटर बनाया जायेगा जिसमें युवाओं को रोजगार मिलेगा। अजय विजन आईएएस द्वारा लीज एग्रीमेंट के तहत 1 वर्ष में इसको सुसज्जित करने का कार्य पूरा किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डां अभय कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट रामप्रकाश, मुख्य कोषाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी, उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a comment