उरई।
गुरूवार को थोक केन्द्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के संचालक मंडल की पहली बैठक राठ रोड स्थित शंकर वैंक्वेट में सभापति उपेन्द्र सिंह राजावत की अध्यक्षता में आयोजित हुयी जिसमें स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिये बिक्री केन्द्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान सचिव नरेन्द्र सिंह ने सभापति, उपसभापति और सभी संचालकों का स्वागत करते हुये पिछले कार्यकाल के आय व्यय की जानकारी उपलब्ध करायी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बैंक खाता संचालन का नवीनीकरण अतिशीघ्र कराया जाये। विगत 5 वर्षों में संस्था की आय व्यय का ब्यौरा आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाये। सभापति उपेन्द्र सिंह राजावत ने कहा कि थोक केन्द्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार जनपद की अग्रणी सहकारी संस्था रही है जिसको पुनः अब किसानों, उपभोक्ताओं के हित को ध्यान में रखकर कार्य करना है। किसानों को सस्ती दरों पर खाद, कृषि उपकरणों सहित फसल एवं खेती से जुड़े हुये अन्य साधन, संसाधनों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा। उपसभापति अजय कुमार महतेले ने उपभोक्ता भंडार जनपद मुख्यालय सहित तहसील, ब्लाॅक मुख्यालयों पर स्वयं सहायता समूहों के द्वारा निर्मित उत्पादों के विपणन एवं वितरण हेतु बिक्री केन्द्र प्रारंभ किये जाने का प्रस्ताव रखा। उपभोक्ता भंडार की राठ रोड स्थित दुकान को नगर पालिका से अवमुक्त कराकर रोजगार एवं आजीविका से संबंधित स्थायी प्रकल्प संचालित करने पर बैठक में आम सहमति हुयी। यह भी तय किया गया कि उपभोक्ता भंडार की बैठक प्रतिमाह आयोजित की जायेगी।
बैठक में संचालक मंडल के सदस्य जितेन्द्र भारती, शत्रुघन सिंह यादव, प्रमोद कुमार, राजा सिंह सेंगर, सुरजीत सिंह, वरूण द्विवेदी, राजकुमार सिंह, शैलेन्द्र कुशवाहा, पूनम कुमारी, प्रतिभा पाण्डेय, नेहा उपाध्याय, क्रय विक्रय सहकारी समिति के सभापति हरेन्द्र विक्रम सिंह, संचालक राजकुमार परमार, कालपी सहकारी संघ के संचालक रविन्द्र सिंह परमार, सहकार भारती के जिला सह संगठन प्रमुख राजकुमार गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समापन पर सचिव नरेन्द्र सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया।







Leave a comment