उरई।
समाजवादी पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बुधवार को हर सेक्टर में जन पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें अध्यक्षता संबन्धित सेक्टर अध्यक्ष ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिले के वरिष्ठ नेता संबोधित करने पहुंचे।
जन चौपालों में समाजवादी पार्टी की सरकार के समय के विकास कार्यों एवं जन हितैषी कदमों के बारे में बताया गया। साथ ही लोगों की समस्याऐं सुनी गयी और उन्हें संकलित किया गया। इनमें समाजवादी नेताओं ने उपस्थित लोगों को बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश जी के मुख्यमंत्रित्व काल में डाॅयल 100 योजना चलाकर अपराधों पर लगाम लगायी गयी। गर्भवती महिलाओं व गंभीर रूप से बीमार मरीजों को फौरन अस्पताल लाने के लिये 108 एम्बुलेंस चलवायीं गयीं। कन्या विद्या धन, लैपटाॅप, साइकिल वितरण, बच्चों में पौष्टिकता की पूर्ति के लिये प्राइमरी व जूनियर स्तर पर उन्हें मिड्डे मील में दूध और फल उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया। किसानों को सस्ती दरों पर खाद, बीज, सिंचाई, बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी। अधिवक्ताओं के लिये केबिन बनवायीं गयीं। शिक्षा मित्रों को स्थायी शिक्षक बनाने का रास्ता खोला गया। जिले में जोल्हूपुर से हमीरपुर तक बदहाल सड़क का निर्माण कराया गया। दस्यु प्रभावित पचनद क्षेत्र में जुहीखा पुल का निर्माण कराया गया, बीजापुर में ऊर्जा प्लांट लगाया गया। उरई में मेडिकल काॅलेज सपा सरकार की ही देन है। अन्य तमाम कल्याणकारी योजनाओं का भरपूर लाभ भी जिले को मिला।
सपा नेताओं ने उपस्थित जन समूहों को बताया कि भाजपा अपनी झूंठी बातों तथा हिन्दू मुस्लिम के बीच खाई खोदने वाले मुद्दों को उठा कर लोगों को गुमराह करती है और सत्ता हथिया लेती है। सरकार में आने के बाद भाजपा द्वारा लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दे भुलाना उसकी फितरत है।
पचीपुरा सेक्टर के दबकाई में सपा के जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि आम जनमानस वर्तमान में मंहगाई की जबर्दस्त मार झेल रहा है। महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़े हैं। युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। सरकार भेदभावपूर्ण कार्य कर रही है जिससे समाज में बटवारे की दरारें उभरने लगी हैं। चारों ओर त्राहिमाम मची है। भाजपा की सरकार को हटाने पर ही जिल्लत से छुटकारा मिल सकता है इसलिये 2024 के लोकसभा चुनाव में लोगों को इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये कटिबद्ध हो जाना चाहिए।
जन पंचायतों में दीपराज गुर्जर के अलावा पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा, पूर्व मंत्री नारायणदास अहिरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बजरिया, महासचिव जमालुद्दीन, महेश चन्द्र विश्वकर्मा, आमीन खान, वीरेन्द्र सिंह यादव, महेन्द्र कठैरिया आदि ने भी विचार प्रकट किये।







Leave a comment