27 एवं 28 सितंबर को विशेष सदस्यता महाअभियान – एम-पैक्स के सदस्य बनें : डॉ. प्रवीण*

उरई |

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों और ग्रामीण परिवारों को सहकारी समितियों से जोड़ने हेतु चलाए जा रहे “बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी (एम-पैक्स) सदस्यता महाअभियान” के अंतर्गत 27 एवं 28 सितंबर को विशेष सदस्यता दिवस आयोजित किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने बताया कि यह महाअभियान 12 सितंबर से प्रारम्भ होकर 12 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य किसानों को एम-पैक्स से जोड़कर उन्हें खाद, बीज, कीटनाशक जैसी आवश्यक सेवाओं के साथ-साथ ऋण, भंडारण और जन सुविधा केंद्रों का लाभ उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि केवल ₹226 में सदस्यता ली जा सकती है, जिसमें दो शेयर ₹200, एसोसिएशन शुल्क ₹21 और पुस्तक पंजिका शुल्क ₹5 शामिल हैं। सदस्यता के उपरांत समिति की ओर से रसीद एवं शेयर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

डॉ. जादौन ने कहा कि एम-पैक्स से जुड़े सदस्य जिला सहकारी बैंक से उद्यम एवं कैरी ऋण सीमा के तहत 10 लाख रुपये तक की नकदी ऋण सुविधा न्यूनतम ब्याज दर पर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, प्रदेश सरकार की ओर से खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाती है।

डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने हेतु एम-पैक्स समितियों में यूपीआई व क्यूआर कोड सुविधा भी उपलब्ध है। प्रत्येक सहकारी समिति पर एक “सहकार सारथी” (स्वयंसेवक) नियुक्त किया गया है, जो ग्रामीण जनता को समिति से जोड़ने का कार्य करेगा।

Leave a comment