उरई। कोंच के हाई प्रोफाइल होटल कर्मचारी की संदिग्ध मौत के कांड में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन के पुत्र और उसके बाउंसर को पुलिस ने अंततोगत्वा सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को भी जब्त किया गया है।
ध्यान रहे कि गत 30 अक्टूबर को कोंच में जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुमन निरंजन के पति देवेंद निरंजन के आशीर्वाद होटल के कमरे में गोली चलने से भांडेर मध्य प्रदेश निवासी होटल के बावर्ची महेश अहिरवार की मौत हो गयी थी। देवेंद्र निरंजन का कहना था कि उनकी होटल में रखी लाइसेंसी बंदूक महेश देखने लगा था जिसके दौरान अचानक बंदूक चल गयी और महेश उसका शिकार हो गया। जबकि महेश की पत्नी ने गांव से पहुंचकर देवेंद्र निरंजन, उनके पुत्र हिमांशु निरंजन और हरियाणा के जींद का निवासी बाउंसर संदीप सिंह पर जानबूझकर उसकी हत्या का आरोप मढ़ा था।
पहले पुलिस इसे दुर्घटना ही मान रही थी लेकिन मामला बढ़ जाने पर पुलिस को मृतक की पत्नी की तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखनी पड़ी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नही किया था। अलबत्ता तीनों को हिरासत में लेकर छानबीन के नाम पर मामला अटका कर रखा गया था। इस बीच मृतक की पत्नी अपने स्टैंड पर टिकी रही और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करती रही। इसके कारण पुलिस को आज हिमांशु और बाउंसर संदीप को उसकी तसल्ली के लिए गिरफ्तार करना ही पड़ा।







Leave a comment