उरई। कड़ाके की ठंड के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हुए जनपद जालौन के प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, संजय सिंह गंगवार ने देर रात रेलवे स्टेशन, कोंच बस स्टैंड स्थित रैन बसेरों एवं अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित कर राहत पहुंचाई।
प्रभारी मंत्री ने रैन बसेरों में पहुंचकर वहां ठहरे लोगों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं व व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निराश्रितों से कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी ने मुझे विशेष रूप से आपका हाल-चाल लेने के लिए भेजा है। आपको किसी प्रकार की कोई परेशानी तो नहीं है।”
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने रैन बसेरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं ठहरने की सुविधाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड के मौसम में किसी भी व्यक्ति को कोई असुविधा न होने पाए। साथ ही अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं जरूरतमंदों को तत्काल कंबल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि प्रदेश सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो। शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आमजन की सेवा में जुटा हुआ है और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, एमएलसी रमा निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, पूर्व सांसद भानु प्रताप सिंह, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








Leave a comment