उरई (सू०वि०)। ‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत जालौन शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पटेल चौक एवं औरैया-बंगरा-कोंच चौराहा पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान टेम्पो-टैक्सी यूनियन जालौन के अध्यक्ष एवं उनके पदाधिकारियों के सहयोग से आयोजित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में राजेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, सुधीर कुमार पाण्डेय, अध्यक्ष टेम्पो-टैक्सी यूनियन, खलील सहित यूनियन के पदाधिकारी एवं प्रवर्तन दल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान जो दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करते हुए वाहन चलाते पाए गए, उन्हें माला पहनाकर व पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों को कठोर चेतावनी देते हुए सरकार, परिवहन विभाग एवं उनके परिवार की ओर से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
इस अवसर पर वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, स्टंट न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अभियान के अंत में उपस्थित अधिकारियों, वाहन चालकों, वाहन स्वामियों एवं राहगीरों को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नियमों के अनुरूप वाहन संचालन का संकल्प लिया।








Leave a comment