उरई, 22 जनवरी 2026 (सू०वि०)।
विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जनपद उरई एक बार फिर उत्सवधर्मी रंगों में रंगने को तैयार है। आगामी 24 से 26 जनवरी 2026 तक जनपद स्तर पर उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा, जहाँ विकास, संस्कृति, उपलब्धि और जनभागीदारी एक ही मंच पर साकार होती दिखाई देगी।
मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद जालौन के०के० सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश दिनांक 08 जनवरी 2026 तथा जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के अनुपालन में यह आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य कार्यक्रम 24 जनवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें मा० राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल श्री संजय गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान जनपद की विकास यात्रा को दर्शाती प्रदर्शनियाँ, फ्लैक्सी, बैनर, स्टैण्डी, पीपीटी प्रस्तुतिकरण, विभागीय उपलब्धियों की झलक तथा लाभार्थियों की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों, कलाकारों एवं लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
छात्र–छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को जीवंत बनाएँगे, वहीं ऑडिटोरियम में एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, मंच सजावट, पुष्प–गुच्छ, स्वल्पाहार एवं लंच की समुचित व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।
मंच को पुष्पों और गुब्बारों से सजाया जाएगा, जिससे वातावरण उत्सवमय हो उठेगा।
तीन दिवसीय इस आयोजन का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार–प्रसार किया जाएगा, ताकि जनपद की विकास गाथा जन–जन तक पहुँचे।
कार्यक्रम की सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी जालौन को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश दिवस–2026 न केवल उत्सव होगा, बल्कि यह जनपद उरई के विकास, आत्मविश्वास और भविष्य की ओर बढ़ते कदमों का जीवंत दस्तावेज भी बनेगा।



Leave a comment