2047 के भारत की नींव माधौगढ़ से रखने की तैयारी, निपुण भारत मिशन पर हुआ बड़ा मंथन

माधौगढ़।
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत सोमवार को नगर के अमृता पैलेस सभागार में आयोजित ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शिक्षा के भविष्य को लेकर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद निरंजन ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।

विधायक ने कहा कि एक समय शिक्षक की पढ़ाई पर अभिभावकों को पूरा विश्वास रहता था, लेकिन पूर्व सरकारों के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षक सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मिशन कायाकल्प से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है। अब आवश्यकता बच्चों की उपस्थिति और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की है।

ब्लॉक प्रमुख मोहित दोहरे ने मिशन को सफल बनाने का आश्वासन दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने कहा कि निपुण भारत मिशन बच्चों को संस्कारयुक्त और जागरूक नागरिक बनाने का अभियान है।

कार्यक्रम में कई शिक्षकों को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे। संचालन अभिलाष तिवारी ने किया।

Leave a comment