उरई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम रेवा पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के लाभ मिलने की स्थिति का फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन योजना, राशन वितरण, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने समस्याएं और सुझाव डीएम के समक्ष रखे।
जांच में पाया गया कि ग्राम में नालियों के अभाव के कारण जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे सड़कों पर पानी भरा रहता है और आवागमन प्रभावित होता है। साथ ही पंचायत स्तर पर विकास कार्य अपेक्षित रूप से न होने की शिकायतें भी सामने आईं।
इस पर जिलाधिकारी ने विकास कार्यों में रुचि न लेने पर ग्राम प्रधान के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को 15 दिवस के भीतर जल निकासी, साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






Leave a comment