घर से स्कूल तक का सपना टूटा, 13 साल के बच्चे ने लगाई फांसी

माधौगढ़–उरई। थाना क्षेत्र के हरोली गांव में कक्षा आठ के 13 वर्षीय छात्र ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरोली गांव निवासी रवि (13 वर्ष), पुत्र आनंद कुमार, गांव के ही सरकारी विद्यालय में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि घर में कुछ कार्य चल रहा था, जिस दौरान परिजनों ने उसे किसी काम के लिए कहा। इसके बाद वह पास के दूसरे मकान में चला गया और वहां साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटक गया।

कुछ देर बाद जब परिजनों को संदेह हुआ तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a comment