कोंच–उरई। बहुप्रतीक्षित “कोंच काव्य कुम्भ” को इस वर्ष बड़ी मजबूती मिली है। कार्यक्रम के सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए न्यायिक, प्रशासनिक एवं साहित्यिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं कोंच इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल के संस्थापक पारस मणि अग्रवाल ने बताया कि कोंच काव्य कुम्भ के लिए विशेष संरक्षक मंडल का गठन किया गया है। इसमें जनपद जालौन में अपनी सेवाएं दे चुके कई वरिष्ठ अधिकारियों व विद्वानों को शामिल किया गया है।
संरक्षक मंडल में अपर जिला जज अनिल कुमार यादव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार, डीआईओएस भगवत प्रसाद पटेल के साथ ही माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं इंडियन हैबिटैट सेंटर के निदेशक के. जी. सुरेश, इलाहाबाद हाईकोर्ट लखनऊ पीठ के रजिस्ट्रार एवं साहित्यकार महेंद्र भीष्म, युवा पत्रकार आशीष कुमार अंशू (नई दिल्ली) तथा टीवी एवं फिल्म अभिनेता आरिफ शहडोली की स्वीकृति मिल चुकी है।
आयोजक पारस मणि अग्रवाल ने कहा कि इन सभी प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन काव्य कुम्भ को नई दिशा देगा और आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। उन्होंने बताया कि “कोंच काव्य कुम्भ” केवल एक साहित्यिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि साहित्य साधना का महायज्ञ है।
उन्होंने कहा कि कोंच की धरती से देश-विदेश के रचनाकारों को जोड़ना तथा नई पीढ़ी में साहित्य के प्रति जागरूकता पैदा करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
आयोजकों के अनुसार, 1 मार्च से प्रारंभ होने वाले इस आयोजन में लगभग 300 शहरों के 1100 से अधिक रचनाकारों की सहभागिता प्रस्तावित है। कार्यक्रम ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया जाएगा। इसमें हास्य, ओज, वीर, श्रृंगार एवं समकालीन काव्य की प्रभावशाली प्रस्तुतियां होंगी।
कोंच काव्य कुम्भ के इस भव्य स्वरूप से क्षेत्र में साहित्यिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







Leave a comment