उरई | नगर स्थित सांई पैलेस में मंगलवार को संसाधन केंद्र पर “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्र प्रकाश रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक नेता अशोक कुमार राठौर ने की।
कार्यक्रम में बाल वाटिका एवं परिषदीय विद्यालयों के प्रत्येक संकुल से चयनित 40 निपुण बच्चों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के सम्मान से अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया।
मुख्य अतिथि डॉ. बाबूलाल तिवारी ने कहा कि छोटे बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों की है। बच्चों का भविष्य संवारना शिक्षकों का प्रमुख दायित्व है, जबकि नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना अभिभावकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसी शिक्षा दी जाए, जिससे उनकी मानसिक क्षमता का विकास हो और शिक्षा के प्रति रुचि बनी रहे।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता के तहत अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” अभियान से प्री-प्राइमरी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि चन्द्र प्रकाश ने कहा कि यदि कोई भी कार्य मनोयोग से किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से बच्चों को जोड़ने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजलि, जिला समन्वयक प्रवीण कुमार, खंड शिक्षाधिकारी प्रीति राजपूत, वित्त एवं लेखाधिकारी अरविन्द कुमार द्विवेदी, डीआईओएस राजकुमार पंडित सहित कई अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।







Leave a comment