कोटरा–उरई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कोटरा में शिव–पार्वती विवाह का आयोजन श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कन्या पक्ष का दायित्व निभाने वाले चतुर्वेदी परिवार द्वारा माता पार्वती की चौथी बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई।
कन्या पक्ष की ओर से अजय चतुर्वेदी, श्याम किशोर बुधौलिया, कमलेश चतुर्वेदी, मूलचंद बुधौलिया, गोविंदास सविता, सतीश अहिरवार, नथू राठौर, विनोद चौबे, भुल्ली शांडिल्य सहित अनेक भक्तों ने शोभायात्रा का आयोजन किया। यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई केवटाने के बड़े शंकर जी शिवालय पहुंची।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु डीजे की धुनों पर माता पार्वती के जयकारे लगाते हुए भक्ति में सराबोर नजर आए। इसके बाद यात्रा वर पक्ष के निवास पर पहुंची, जहां मकुन्द रेकवार, विद्याधर केवट, सुरेश, हरीशंकर, ओमप्रकाश, महेश प्रजापति, चंद्रभान, परशुराम, गिरजेश राठौर, संतोष रेकवार, देशराज केवट व रामस्वरूप सहित अन्य लोगों ने कन्या पक्ष का विधिवत स्वागत किया।
पंडित विनोद चौबे एवं पंडित भुल्ली शांडिल्य ने मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराते हुए माता पार्वती का विग्रह अजय कुमार चतुर्वेदी के हाथों सौंपा। इसके बाद सभी पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। कन्या पक्ष प्रमुख कमलेश चतुर्वेदी व वीरेंद्र चतुर्वेदी ने वर पक्ष को भेंटें अर्पित कर सम्मानित किया।
वर पक्ष की महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर माता पार्वती को मायके के लिए विदा किया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे और पुण्य लाभ अर्जित किया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम सनातन परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। शिव–पार्वती विवाह का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।







Leave a comment