17 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीद, जालौन में 49 क्रय केंद्र स्थापित

जालौन। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय ने बताया कि जनपद में गेहूं क्रय हेतु कुल 49 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 17 मार्च से पहले सभी क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग कराई जाए तथा किसानों का पंजीकरण समय से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने मंडी समितियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उप मंडी स्थलों और ग्रामीण अवस्थापना केंद्रों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

साथ ही चयनित स्थलों पर विद्युत व्यवस्था, आवश्यक उपकरण, अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव हेतु कक्ष तथा कम से कम तीन ट्रक गेहूं भंडारण की क्षमता वाले गोदाम उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने गेहूं खरीद के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि पोस्टर-बैनर, सभाओं और गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि वे सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं विक्रय के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गेहूं खरीद शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एआर कोऑपरेटिव विजय वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment