होली से पहले खाद्य विभाग का सघन अभियान, कई नमूने जांच को भेजे

उरई, दिनांक: 26 फरवरी 2026 (सू०वि०)

आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन की कालपी तहसील सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई।

अभियान के अंतर्गत उरई नगर पालिका क्षेत्र के गणेश गंज बजरिया में स्थित फहीम किराना स्टोर से रंगीन कचरी, बेसन एवं सरसों के तेल के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं बिलाल खान पुत्र श्री मुमताज खान के प्रतिष्ठान से खजूर का नमूना लिया गया।

इसके अतिरिक्त कोच तहसील के जय प्रकाश नगर क्षेत्र में विवेक कुमार पुत्र श्री जयप्रकाश के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना, नरोत्तम कुमार के प्रतिष्ठान से पापड़ के दो नमूने तथा मनोहर पंसारी के प्रतिष्ठान से सिंघाड़े के आटे का नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।

सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना अमानक पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।

विभाग द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा आगामी त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार एवं महेश प्रसाद उपस्थित रहे।

Leave a comment