जालौन, 13 मार्च।
मण्डलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक विमल कुमार दुबे ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने फार्म-6, 7 एवं 8 से संबंधित प्रकरणों की सुपर चेकिंग कर सत्यापन किया।
समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, अभिलेखों तथा सत्यापन प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से बीएलओ से संवाद कर जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और कुछ मतदाताओं से सीधे बातचीत कर फार्म से जुड़े मामलों का सत्यापन भी किया।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखने के लिए प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं, फार्म-7 के द्वारा अपात्र अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएं तथा फार्म-8 के माध्यम से संशोधन संबंधी प्रकरणों का स्थलीय सत्यापन के बाद ही निस्तारण किया जाए, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह सके।
समीक्षा के दौरान कुछ अधिकारियों के बेहतर कार्य की सराहना की गई, जबकि जिन अधिकारियों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई उन्हें नोटिसों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सहित समस्त उपजिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a comment