जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, होम डिलीवरी से मिलेगी निर्बाध आपूर्ति: डीएम

जालौन, 14 मार्च।
जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर गैस एजेंसियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 35 गैस एजेंसी वितरकों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू गैस कनेक्शनधारकों और 740 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस उपलब्धता में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी एजेंसियां नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के विक्रय अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं तक ओटीपी नहीं पहुंच पाता, उनके लिए आईवीआरएस, मिस्ड कॉल, गूगल पे, फोन पे और व्हाट्सएप के माध्यम से वैकल्पिक बुकिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनपद में एचपीसीएल की दो गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे 27,199 घरेलू और 28 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में 707 एलपीजी रिफिल और 29 कामर्शियल सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।

इसी प्रकार इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की इंडेन कंपनी की 23 गैस एजेंसियों के माध्यम से 1,10,337 घरेलू और 473 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जा रही है। इन एजेंसियों के पास 4,429 घरेलू और 746 कामर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।

वहीं भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की 10 गैस एजेंसियों के अंतर्गत 84,142 घरेलू और 239 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जा रही है। इन एजेंसियों के पास 2,987 घरेलू और 729 कामर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एजेंसियां उपभोक्ताओं को समयबद्ध होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराएं।

जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के कार्यालय और गोदामों का नियमित निरीक्षण करें तथा गठित टीमों से स्टॉक (आमद, वितरण और अवशेष) का प्रतिदिन सत्यापन कराएं। गैस की कालाबाजारी या डायवर्जन की किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाले कामर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति भी सुचारु रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला तथा आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल के विक्रय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment