सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में अनन्या और नैंसी की सफलता, जालौन का बढ़ाया मान

उरई/जालौन।
एमएल कॉन्वेंट द स्पेस साइंस लैब स्कूल, जालौन की दो छात्राओं अनन्या प्रजापति और नैंसी पोरवाल ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय के साथ पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

कक्षा 5 की छात्रा अनन्या प्रजापति राजेश और आरती देवी की पुत्री हैं। उनका परिवार जालौन में एक छोटी सी मिठाई की दुकान चलाता है। वहीं नैंसी पोरवाल बृजेश और अनुराधा पोरवाल की बेटी हैं, जिनका परिवार मसाले की चक्की चलाकर अपना गुजारा करता है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद दोनों छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार दोनों छात्राओं की कक्षा में उपस्थिति लगभग 95 प्रतिशत रही है। विशेष बात यह है कि दोनों ने बिना किसी अतिरिक्त कोचिंग या ट्यूशन के केवल विद्यालय की पढ़ाई और स्वयं के प्रयास से यह परीक्षा उत्तीर्ण की। दोनों छात्राओं का कहना है कि नियमित पढ़ाई और सेल्फ स्टडी के माध्यम से बिना ट्यूशन के भी बड़ी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है, जिससे परिवार का समय और पैसा दोनों बचाया जा सकता है।

नैंसी पोरवाल ने हाल ही में 3डी प्रिंटिंग और ऑटोकैड का प्रशिक्षण प्राप्त किया है और वर्तमान में ड्रोन फ्लाइंग की वर्कशॉप में भाग ले रही हैं। वहीं अनन्या प्रजापति स्केटिंग की खिलाड़ी हैं और विद्यालय में रोबोटिक्स की वर्कशॉप में भाग ले रही हैं।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता और विद्यालय के शिक्षक अत्यंत उत्साहित हैं। दोनों छात्राओं ने विद्यालय के प्रबंधक गौरव सर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने स्पोकन इंग्लिश प्रशिक्षण और स्पेस साइंस लैब वर्कशॉप में भागीदारी के लिए उन्हें प्रेरित किया। नैंसी के अनुसार अध्यापक संतोष सर और जितेंद्र सर ने अतिरिक्त समय देकर उनकी लगातार प्रैक्टिस कराई, जबकि अनन्या ने बताया कि खुशबू मैम और रूपम मैम ने एसएसटी व जियोग्राफी लैब में अच्छी तैयारी कराई, जिसका परिणाम आज सामने आया है।

विद्यालय में इस सफलता को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। हाल ही में इसी विद्यालय के चार छात्र-छात्राओं ने आईआईटी मेंस परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन किया था। अब इन दो छात्राओं की सफलता ने एक बार फिर विद्यालय का मान बढ़ाया है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश की पहली आईआईटी जोधपुर फाउंडर्स की मैथमेटिक्स लैब भी स्थापित होने जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को गणित विषय की प्रैक्टिस और अधिक रोचक और प्रभावी तरीके से कराई जा सकेगी।

Leave a comment