पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण, 730 से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

उरई।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस जनपद में शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से सकुशल संपन्न हुआ। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने प्रथम व द्वितीय पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों तथा कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को देखा गया और सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने केंद्रों पर स्थापित कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा निर्देश दिए कि परीक्षा कक्षों और परिसर की गतिविधियों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क और प्रभावी रखी जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।

Leave a comment