जालौन को मिला यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन का जिला दर्जा, पुराने खिलाड़ियों को मिला नया मंच

उरई। खेल प्रतिभाओं की धरती जालौन को एक नई पहचान मिल गई है। यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन (UPVCA) ने जालौन को डिस्ट्रिक्ट वेटरन्स एसोसिएशन का दर्जा प्रदान करते हुए इसे प्रदेश का 34वाँ मान्यता प्राप्त जिला घोषित कर दिया। इस पहल से जिले के पुराने क्रिकेट खिलाड़ियों को एक नया मंच मिलेगा और उनके अनुभव से युवा प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

शहर के एक होटल के सभागार में आयोजित समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ शहर के अनेक वरिष्ठ क्रिकेटरों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के पंजीकरण का प्रमाणपत्र जिले के पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से सौंपा गया।

जिले की इकाई में विनयदीप तिवारी को अध्यक्ष तथा दीपेंद्र प्रताप सिंह को सचिव का दायित्व सौंपा गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के युवा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जेपी गौतम ने जिले को मिली इस जिम्मेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पुराने खिलाड़ियों का अनुभव जब नई पीढ़ी को मिलेगा तो निश्चित ही जिले में खेल का स्तर और बेहतर होगा। उन्होंने इस पहल को आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

यूपीवीसीए के अध्यक्ष आई. एम. रोहतगी ने कहा कि जालौन में पुराने खिलाड़ियों की अच्छी परंपरा है। यदि यहां के खिलाड़ी संगठित होकर प्रयास करें और अच्छे ग्राउंड तैयार हों तो जिले की पहचान प्रदेश स्तर पर और मजबूत हो सकती है। उन्होंने खिलाड़ियों से अंतर्राज्यीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

यूपीवीसीए के सचिव गिरीश कपूर ने कहा कि फिलहाल एसोसिएशन को अपने प्रयासों से ही आगे बढ़ना पड़ रहा है, क्योंकि बीसीसीआई से किसी प्रकार की वित्तीय सहायता नहीं मिलती। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की स्थापना 90 के दशक में हुई थी और कई बाधाओं के बावजूद संगठन लगातार सक्रिय रहा है। गत वर्ष प्रदेश भर में 75 मैचों का आयोजन किया गया था और जिलों के प्रदर्शन पर लगातार नजर रखी जाती है। उन्होंने बताया कि अब पुराने क्रिकेटरों की रुचि तेजी से बढ़ रही है और कई पूर्व रणजी खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं। इस वर्ष चैलेंज ट्रॉफी आयोजित की जाएगी।

जिला इकाई के अध्यक्ष विनयदीप तिवारी ने कहा कि पुराने खिलाड़ियों को आज एक संगठित मंच मिला है और सभी मिलकर यह साबित करेंगे कि उनमें अभी भी खेल की अपार क्षमता मौजूद है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले में क्रिकेट का एक नया वातावरण तैयार होगा।

सचिव दीपेंद्र प्रताप सिंह और संयुक्त सचिव पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि जालौन में प्रतिभाओं की कभी कमी नहीं रही। मिले अवसर को एक बड़ी संभावना में बदलने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा।

एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. राकेश द्विवेदी ने इसे एक सुखद प्रयोग बताते हुए कहा कि इससे न केवल पुराने खिलाड़ियों को सक्रियता का अवसर मिलेगा बल्कि नई पीढ़ी भी उनसे सीखकर आगे बढ़ेगी।

कार्यक्रम में अतिथियों का माल्यार्पण कर शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुरस्कृत शिक्षक उदयकरन राजपूत ने किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ियों में नीरज पाठक, दिनेश कुमार, दीपक श्रीवास्तव, सुनील शर्मा, अनिल पंडोखर, मनमोहन कुशवाहा, विनोद सिंह, श्रीकांत वर्मा, शैलेश सिंह, डॉ. विनोद निराला, प्रतिपाल, अशोक साहू, खलील, रविंद कुमार, आलोक सहित अनेक खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a comment