उरई।
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। उरई सुरक्षित सीट से वर्ष 2017 के चुनाव में जोर आजमाइश कर चुके महेंद्र कठेरिया एक बार फिर समाजवादी पार्टी से मौका पाने की कोशिश में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। रविवार को आयोजित कठेरिया समाज के सामूहिक विवाह समारोह के बहाने उन्होंने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव की मौजूदगी को उनकी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे स्थानीय नेताओं के बीच उनका राजनीतिक कद बढ़ा हुआ नजर आया।
नगर के मेडिकल चौराहा स्थित सपा कार्यालय के पास कठेरिया समाज का चतुर्थ सामूहिक विवाह महायज्ञ धूमधाम से सम्पन्न हुआ, जिसमें 17 निर्धन कन्याएं दाम्पत्य जीवन में बंध गईं। इस अवसर पर नगर में दूल्हों की सामूहिक बारात निकाली गई, जिसका नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बारात झांसी रोड से शुरू होकर माहिल तालाब, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चौराहा, जिला अस्पताल, अम्बेडकर चौराहा, कालपी रोड और जायसवाल मार्ग से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
समारोह में मंत्रोच्चारण के बीच सभी जोड़ों ने सात फेरे लिए। विवाह के बाद नवदंपतियों को कठेरिया समाज की ओर से उपहार, बर्तन, पलंग और कपड़े भेंट किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और परिजनों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची सांसद डिम्पल यादव ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर महंगाई, गैस सिलेंडर की किल्लत और बेरोजगारी के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शादी के मौसम में लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, जबकि सरकार इसकी कमी से इनकार कर रही है।
उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार, जमीन कब्जे और किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार की आलोचना की। युवाओं की बेरोजगारी और नौकरियों की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार के बिना आरक्षण का लाभ भी अधूरा रह जाता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक तेज प्रताप यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, पूर्व विधायक दीपक यादव, मौलाना इकबाल कादरी, पुष्पेंद्र मामना, विधायक इंजीनियर ब्रजेश कठेरिया तथा प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह कठेरिया ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान विधायक इंजीनियर ब्रजेश कठेरिया और प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह कठेरिया ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं प्रमोद सविता ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर का चित्र भेंट किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, आनंद यादव, हाजी सोहराब खान, सुरेंद्र बजारिया, प्रदीप दीक्षित, राजीव शर्मा, वीरपाल दादी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, वेद प्रकाश यादव, रामेंद्र त्रिपाठी, कपिल गुमावली, प्रमोद सविता, कुसुम सक्सेना, मांडवी निरंजन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






Leave a comment