उरई, 18 मार्च 2026 (सू०वि०)।
आगामी रामनवमी एवं ईद-उल-फितर त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख मंदिरों, मस्जिदों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां अधिक भीड़ की संभावना है, वहां पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय स्थिति में रहें और उनकी सतत निगरानी की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा नगर निकायों को साफ-सफाई व कूड़ा निस्तारण की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने, एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और लगातार गश्त की जाए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्लान लागू करने तथा पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





Leave a comment