उरई:
टाउनहॉल पुस्तकालय में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल के तहत एआरटीओ राजेश कुमार ने अपने पिता अमरचन्द्र (पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष, ब्रह्मानन्द संस्कृत महाविद्यालय राठ, हमीरपुर) के जन्मदिन के अवसर पर पुस्तक अलमारी सहित सामान्य अध्ययन, भूगोल, यूजीसी नेट/जेआरएफ से संबंधित उपयोगी पुस्तकों का सप्रेम दान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय को आमंत्रित कर इस सामाजिक कार्य से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए अमरचन्द्र के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चे मोबाइल, यूट्यूब और इंटरनेट में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, ऐसे में पुस्तकों से जुड़ाव अत्यंत आवश्यक है। पुस्तकें न केवल ज्ञान का भंडार हैं, बल्कि मानसिक विकास, एकाग्रता और संस्कार निर्माण का सशक्त माध्यम भी हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए पुस्तक दान जैसी सकारात्मक पहल को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गाय दान, दीप दान, वृक्ष दान के साथ-साथ पुस्तक दान समाज के उत्थान के लिए अत्यंत पुण्यकारी है, क्योंकि यह ज्ञान का प्रसार कर नई पीढ़ी के भविष्य को दिशा देता है।
यह पहल न केवल पुस्तकालयों को सशक्त बनाएगी, बल्कि युवाओं में पढ़ने की रुचि बढ़ाकर सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।







Leave a comment