उरई में केंद्रीय विद्यालय शुरू, प्रवेश के लिए उमड़े अभिभावक

उरई (जालौन)।
जनपद में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। कालपी रोड स्थित नवीन अनाज मंडी परिसर में बने अस्थायी भवन में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के नामांकन के लिए पहुंचे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उम्मीद ने अभिभावकों में खासा उत्साह पैदा किया है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और कक्षाओं में संचालित पढ़ाई का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षा का स्तर उच्च गुणवत्ता का हो तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाने को कहा, जिससे प्रवेश से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सके।

उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय जनपद के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसकी सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप संचालित हों।

इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment