संचारी रोग नियंत्रण व ‘दस्तक अभियान’ का शुभारंभ, अप्रैल भर चलेगा जागरूकता अभियान

उरई (जालौन)।

जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अप्रैल माह के विशेष अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संचारी रोग नियंत्रण की शपथ भी दिलाई गई।

जिला प्रशासन के निर्देशन में यह अभियान 1 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि ‘दस्तक अभियान’ 10 से 30 अप्रैल तक विशेष रूप से चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को साफ-सफाई, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करेंगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कहीं भी जलभराव न होने दें और बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, मलेरिया विभाग, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment