नए एसपी का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

उरई (जालौन)।
जनपद में नवागंतुक पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पदभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए हैं। पुलिस लाइन्स सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए।

बैठक में एसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, निरोधात्मक कार्रवाई को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा बीट प्रणाली को सक्रिय और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रचलित अभियानों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

एसपी ने कहा कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में उन्होंने साफ संदेश दिया कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Leave a comment