उरई (जालौन)।
जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ बघोरा स्थित उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह एवं अपर जिलाधिकारी संजय कुमार के साथ किया। इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को पुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 1 अप्रैल से जनपद के 1489 परिषदीय विद्यालयों में अभियान शुरू हो चुका है, जिसके तहत लगभग 14 हजार बच्चों के नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। पहले ही दिन बघोरा विद्यालय में 40 बच्चों का नामांकन किया गया। अभियान में खास तौर पर 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के शिक्षा से वंचित बच्चों को चिन्हित कर स्कूल से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्कूल प्रबंधन समितियों को घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने और ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान 15 अप्रैल तक चलेगा और 30 अप्रैल को इसकी समीक्षा की जाएगी।
इसी दौरान एक मानवीय पहल भी सामने आई। जनसुनवाई में पहुंचे नेत्रहीन पिता राम सिंह के 11 वर्षीय पुत्र ऋतिक के स्कूल न जाने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उसे स्वयं बघोरा विद्यालय ले जाकर माला पहनाकर नामांकन कराया। इस पहल ने प्रशासन की संवेदनशीलता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







Leave a comment