उरई (जालौन)।
नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 (चरण-2) के तहत विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने छात्राओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए तत्काल निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मडोरा की छात्रा प्रतीक्षा (कक्षा 7) ने विद्यालय में डॉक्टर की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पल्लवी (कक्षा 7) और अर्चना (कक्षा 8) ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं।
राजकीय इंटर कॉलेज की एक छात्रा ने विद्यालय परिसर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या रखी। इस पर जिलाधिकारी ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की सदस्य रजनी खरे ने बताया कि समूह से जुड़कर उन्होंने झोला व झंडा निर्माण के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भरता हासिल की है। वहीं ग्राम अमगोहा की अनिता यादव ने हैंडपंप पर कब्जे की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं को अपनी बात रखने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर महिला को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, डीआईओएस राजकुमार पंडित, बीएसए चंद्रप्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे |






Leave a comment