माधौगढ़ क्षेत्र में निरीक्षण, किसानों को जल्द राहत दिलाने के निर्देश
उरई (जालौन)।
जनपद में अचानक बदले मौसम के चलते हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के आकलन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
इसी क्रम में सीडीओ के साथ डीसी मनरेगा एवं संबंधित विभागों की टीम ने माधौगढ़ तहसील के मिझोना, कुदारी, गोहन सहित विभिन्न गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण गेहूं सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल क्षति का पारदर्शी और सटीक सर्वे किया जाए, ताकि शासन स्तर से राहत दिलाने में कोई देरी न हो।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सर्वे रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाए, जिससे राहत वितरण की प्रक्रिया तेज हो सके और प्रभावित किसानों को जल्द आर्थिक संबल मिल सके।





Leave a comment