घात लगाकर हमला: बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से प्रहार, फिर कार चढ़ाकर किया अधमरा

सिरसाकलार पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी

सिरसाकलार-उरई (जालौन)।
थाना क्षेत्र के खड़गोई मुस्तकिल निवासी 65 वर्षीय अरविंद सिंह उर्फ किशन जी पर घात लगाकर बैठे चार लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और फिर कार चढ़ाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे अरविंद सिंह अपने एक साथी के साथ डीजल भराने जा रहे थे। जैसे ही वे जूनियर हाई स्कूल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे दमरास निवासी मौसम भदौरिया, राहुल भदौरिया, राघव गुर्जर और अनुरुद्ध पाल ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से कई वार किए और बाद में सफेद रंग की आल्टो कार से उनके सीने पर गाड़ी चढ़ा दी।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद सिंह को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मामले की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष पी.के. सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ कार्रवाई शुरू की। थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर जखा बंबी के पास से आरोपी राहुल भदौरिया और मौसम भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे और सफेद आल्टो कार भी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

थाना अध्यक्ष पी.के. सिंह ने बताया कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment