राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रांतीय अभ्यास वर्ग संपन्न, 19 जिलों के 231 प्रतिभागी शामिल
जालौन, 5 अप्रैल।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश (कानपुर एवं अवध प्रांत) का दो दिवसीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग 4 व 5 अप्रैल को परितोष इंटरनेशनल स्कूल, नौबस्ता (कानपुर) में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में 19 जिलों से कुल 231 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि जनपद जालौन से 10 प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिवस भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि शिक्षकों का प्रमुख दायित्व है कि वे बच्चों को भारतीय संस्कृति, ज्ञान और दर्शन से जोड़ें।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने संगठन विस्तार पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाए और कार्यकर्ताओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाए।
प्रदेश महामंत्री (प्राथमिक संवर्ग) प्रदीप तिवारी ने शिक्षकों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हर शिक्षक उनके परिवार का हिस्सा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम को प्रो. अरविंद दीक्षित, संतोष शुक्ला और रचना अवस्थी ने भी संबोधित किया।
दूसरे दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत प्रचारक श्रीराम जी ने “पंच परिवर्तन” विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कार्यकर्ता निर्माण और व्यक्तित्व विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को कर्तव्य भाव से कार्य करना चाहिए, तभी संगठन मजबूत होगा।
प्रदेश महामंत्री जोगेंद्र पाल सिंह ने “हमारा विद्यालय — हमारा स्वाभिमान” अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब शिक्षक और विद्यार्थी विद्यालय को तीर्थ मानते हैं, तो उनके अंदर समर्पण और जिम्मेदारी की भावना स्वतः विकसित होती है।
समापन सत्र में प्रदेश प्रभारी एवं अखिल भारतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता के विषय में शिक्षकों को धैर्य रखना चाहिए। संगठन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति में 17140/18150 वेतनमान तथा शत-प्रतिशत शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान दिलाने को प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर डॉ. अनूप सिंह, नीलमणि शुक्ला, प्रताप कटियार, महेश मिश्रा, संजय त्रिपाठी, सुयश शुक्ला, जितेंद्र त्रिपाठी, जय सिंह चंदेल, अनंत त्रिवेदी, मनोज शुक्ला, प्रदीप चौहान, इलियास मंसूरी, अखिलेश रजक, राघवेंद्र यादव, सत्यपाल, रामराजा जादौन, विजय तिवारी, राजेंद्र सेंगर, रूपेंद्र कुशवाह, पंकज सिंह, शिवप्रकाश सिंह, राजेश यादव, अमित मिश्रा, सुनील कुमार, इंद्र कुमार, संत कुमार, अजय गुप्ता, गौरव मिश्रा, पुनीता पालीवाल, स्वाती अवस्थी, दिव्या शाक्य, विवेक पाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Leave a comment