बहादुरपुरा में फूटी लाइन से जलभराव, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
कुठौंद-उरई (जालौन)।
जल निगम की कथित लापरवाही के चलते क्षेत्र के छोटे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। बहादुरपुरा स्थित पानी की टंकी से जुड़ी पाइपलाइन कई स्थानों पर फट जाने से खेतों में लगातार जलभराव हो रहा है, जिससे किसानों की बीघा-डेढ़ बीघा जमीन बंजर होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज के कारण खेतों में पानी भर जाने से फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। छोटे किसान, जिनकी आजीविका सीमित जमीन पर निर्भर है, इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं।
किसानों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई गई, साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, पानी की टंकी पर तैनात कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पाइपलाइन मरम्मत के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिलता, जिसके चलते वे चाहकर भी समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उनकी जमीन पूरी तरह बंजर हो सकती है।





Leave a comment